नशे की 4600 गोलियों सहित बाइक सवार गिरफ्तार
कालांवाली। सीआईए डबवाली की टीम ने गश्त के दौरान गांव जगमालवाली से एक व्यक्ति को करीब नशे की 4600 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान जसपाल सिंह निवासी गांव खोखर के रूप में हुुई है। कालांवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि सीआईए डबवाली की टीम किसी अपराधी को पकड़ने के लिए डेरा जगमालवाली के पास स्थित नहर पुल पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान उन्होंने असीर रोड की तरफ से बाइक पर आ रहे जसपाल सिंह को संदिग्धावस्था में आते देखा। जिस पर पुलिस टीम ने जसपाल सिंह को रोककर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले की जांच की तो उसमें नशे के रूप में प्रयोग होने वाली गोली ट्रामाडोल के करीब 23 डिब्बे बरामद हुए। पुलिस ने जब डिब्बों को खोला तो उसमें लगभग 4600 गोलियां ट्रामाडोल की बरामद हुई। जिस पर पुलिस ने आरोपी जसपाल सिंह को मौके पर नशे की दवाइयों व बाइक सहित काबू कर लिया। इसके अलावा आरोपी जसपाल सिंह ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपने छोटे भाई बलजिंद्र सिंह के साथ सांझे तौर पर नशा तस्करी का कारोबार करता है और उसका भाई ये नशीली दवाईयां केसर निवासी गांव तिगड़ी से लेकर आया है। जिस पर कालांवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नशे के कारोबार में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी है।