सिरसा। ब्याज पर लिए पैसों की वसूली के लिए चांदनी चौक स्थित जैन क्राकरी के संचालक के पुत्र के अपहरण का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ित के बयान पर सुरेंद्र निवासी सिरसा, संजय वर्मा निवासी केलनियां, सुशील निवासी नटार, छिंद्रपाल निवासी झोरडनाली व बलराज के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों से कार और बाइक भी बरामद कर लिए गए है।
चांदनी चौक स्थित जैन क्राकरी के संचालक देवेंद्र जैन निवासी कांडा कालोनी के पुत्र अंकित जैन ने पुलिस में दर्ज करवाई अपनी शिकायत में बताया कि उसने डबवाली रोड स्थित दीप फाइनेंस के संचालक छिंद्रपाल निवासी झोरडनाली से 20 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। ब्याज पर लिए गए पैसे रोज किस्तों में दोगुने देकर हिसाब बराबर कर लिया था। अंकित ने बताया कि उसने जरूरत पड़ने पर फिर से 20 हजार रुपये दीप फाइनेंस के संचालक से लिए। जिसकी वह किस्त भी चुका रहा था। उसने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले छिंद्रपाल और उसके साथ काम करने वाले संजय और सुरेंद्र उसकी दुकान पर आए और उसे अगवा कर अपने दफ्तर ले गए। यहां पर उसे जबरन बिठाए रखा। जब उसके पिता ने पैसे चुकाने का आश्वासन दिया, तब उसे छोड़ा गया। अंकित जैन ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि एक जुलाई की रात साढ़े 8बजे अपने दोस्त मोहित शर्मा के साथ डबवाली रोड पर जा रहा था। जब वे होंडा शोरूम के सामने पहुंचें तभी अचानक कार पर सवार युवकों ने उसे जबरन कार में खींच लिया। कार को बलराज सिंह निवासी नटार चला रहा था। कार में पहले से ही सुरेंद्र निवासी सिरसा, संजय वर्मा निवासी केलनियां, सुशील निवासी नटार सवार थे। इसी दौरान छिंद्रपाल निवासी झोरडनाली भी वहां पर पहुंच गया। जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तब संजय व अन्य ने उसका मुंह बंद कर लिया और उसे थप्पड़-मुक्के मारे। इसके बाद उसे कार में रानियां बाईपास से होते हुए रानियां रोड पर खाजाखेड़ा रोड पर एवी इंटरनेशनल स्कूल के पास ले गए। यहां पर उसे थप्पड़, मुक्कों व डंडों से मारा पीटा। इसके बाद उसके पिता देवेंद्र जैन को फोन करके बुलाया और रात में ही पैसे देने के लिए कहा और पैसे न देने पर उसकी हत्या कर देेंगे। इसके बाद उसके पिता ने सब्जी मंडी चौकी पर इसकी सूचना दी। अपहरण की सूचना पर पुलिसन आरोपियों की तलाश करते हुए खाजाखेड़ा रोड पर पहुंची। जब अपहरणकर्ताओं ने पुलिस की जिप्सी देखी तो छिंद्रपाल और उसके साथी उसे खाजाखेड़ा रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में आरोपी छिंद्रपाल निवासी झोरडनाली और बलराज सिंह को रात को चतरगढ़ पट्टी से पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है।
कोट्स
व्यवसायी के पुत्र को अगवा करने वाले पांच में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी तीन आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों आरोपियों से कार और बाइक भी बरामद कर ली गई हैं और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया।
अमित बैनीवाल, एसएचओ, सिविल थाना लाइन।