सिरसा। सीआईए टीम ने इनोवा कार सवार 3 युवकों के कब्जे से 2 पिस्टल देसी व कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए युवकों की पहचान तलविंदर सिंह उर्फ काला, हरदीप सिंह उर्फ दीपा व हरगोविंद सिंह उर्फ हरि निवासी गांव हस्सू के रूप में हुई है।
सीआईए सिरसा इंचार्ज रविंद्र कुमार की एक पुलिस टीम एएसआई अवतार सिंह के नेतृत्व में गस्त के दौरान न्यू हाउसिंग बोर्ड चौक सिरसा के नजदीक मौजूद थी कि सरदूलगढ़ की तरफ से एक इनोवा कार पंजाब नंबर की आती दिखाई दी। सामने पुलिस को देखकर कार चालक ने गाड़ी को वापस घुमाने की कोशिश की। लेकिन सीआईए टीम ने इनोवा सवार तीनों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी तलविंदर उर्फ काला से अवैध देसी पिस्तौल 38 बोर, हरगोबिंद उर्फ हरी से अवैध देसी पिस्टल 315 बोर बरामद हुआ। आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा से 315 बोर के 2 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी थाना कालांवाली में जान से मारने का प्रयास करने का मुकदमा दर्ज है।
कुख्यात गाजी हस्सू से बचाव के लिए रखते थे हथियार
सीआईए इंचार्ज रविंद्र सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी कुख्यात बदमाश गाजी हस्सू के एंटी गैंग के सदस्य हैं। तीनों ही खुद की जान को कुख्यात से खतरा मानते थे। गाजी हस्सू गैंग से बचाव के लिए ही अवैध हथियार रखते थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।