ट्रक-कार भिड़े, परिवार के पांच सदस्य घायल
शिमला से सिरसा लौट रहा था परिवार
सिरसा। बरनाला रोड स्थित बाबा भूमणशाह चौक पर सोमवार रात्रि को शिमला से लौट रहे एक परिवार की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया और करीब 100 मीटर की दूरी तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में गाड़ी चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। आसपास के वाहन चालकों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। घायलों में गाड़ी चालक ढाणी लखजी निवासी हंसाराम, ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 10 निवासी मनीष, प्रियंका पत्नी मनीष, दो बच्चे यतिन उर्फ मुन्ना व हर्षा शामिल हैं।
चालक हंसाराम ने बताया कि वह मनीष के परिवार को लेकर शिमला घूमने के लिए गए हुए थे। सोमवार रात्रि करीब दो बजे वे शिमला से वापस ऐलनाबाद लौट रहे थे। बरनाला रोड स्थित बाबा भूमणशाह चौक के निकट उनकी गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। यही नहीं ट्रक के अगले हिस्से में गाड़ी का अगला हिस्सा फंस गया, जिससे ट्रक गाड़ी को करीब 100 मीटर की दूरी तक घसीटते हुए ले गया। काफी दूर जाने के बाद गाड़ी जैसे-तैसे ट्रक की चपेट से छूटी। इसके बाद ट्रक चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। गाड़ी में सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के वाहन चालकों ने उनके परिजनों को सूचित कर सभी घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद घायलों का कुशलक्षेम जाना। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं एक अन्य हादसे में जमाल निवासी सुरेंद्र के बाइक को वाल्मीकि चौक के निकट तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसे काफी चोटें आई हैं। कार चालक मौके से भाग गया। आसपास के लोगाें ने उसके परिजनों को सूचित कर अस्पताल में पहुंचाया।