गोदाम की दीवार तोड़कर गेहूं के 306 गट्टे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो सिरसा। पीयूष सीड कंपनी के रामनगरिया नटार लिंक रोड पर स्थित गेहूं सीड प्लांट से अज्ञात चोर गोदाम की दीवार तोड़कर 306 कट्टे चोरी कर ले गए। गोदाम के मालिक को वीरवार को आसपास के लोगों ने घटना बारे सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मालिक मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लेकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया और तथ्य जुटाकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को दी शिकायत में सी ब्लॉक निवासी पीयूष मेहता ने बताया कि उसका रामनगरिया-नटार लिंक रोड पर गेहूं सीड प्लांट के नाम से 4 गोदाम है। 26 जुलाई को वह चारों गोदाम का निरीक्षण कर घर आ गया। क्योंकि उस वक्त चारों गोदामों में गेहूं के कट्टों का स्टॉक पूरा था। उसने बताया कि गोदाम नंबर 3 से अज्ञात चोर गोदाम की एक साइड की दीवार तोड़कर गेहूं के 306 कट्टे चोरी कर ले गए। उसे वीरवार की सुबह आसपास के लोगों ने दीवार के टूटे होने बाबत सूचित किया। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। जांच करने पर पाया कि गोदाम से 306 कट्टे गायब हैं। आसपास वाहनों के भी निशान पड़े हैं। जिससे ये अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी वाहन में कट्टे लोड किए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।