चलते ट्रक से फेंके गोवंश, तीन की मौत
डबवाली। कल सुबह एक अज्ञात ट्रक चालक ने गांव सकता खेड़ा-लोहगढ़ रोड पर चलते ट्रक से चार गोवंशों को फेंक दिया। जिससे तीन गोवंशों की मौत हो गई जबकि एक गोवंश घायल हो गया। जिसे ग्रामीणों ने गांव सकताखेड़ा की गोशाला में भिजवा दिया है।
गांववासी किसान गुरजिंद्र सिंह सुबह अपने खेतों में कार्य कर रहा था तभी उसने देखा कि एक ट्रक चालक ने चलते ट्रक से गोवंशों को सड़क पर फेंक दिया। उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया और मृत गोवंशों को ग्रामीणों की सहायता से सड़क किनारे जमीन में दफना दिया । एक गोवंश को घायलावस्था में उपचार के लिए गांव सकताखेड़ा की गौशाला में भिजवा गया। चौटाला चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने किसान गुरजिंद्र सिंह केे बयानों पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।