ऑपरेशन प्रबल प्रहार: तीन महीने में पुलिस ने 225 तस्करों को किया गिरफ्तार
सिरसा। जिला पुलिस ने ऑपरेशन प्रबल प्रहार के तहत पिछले तीन माह में 134 अभियोग दर्ज कर 225 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गये तस्करों के कब्जे से 13 किलो 843 ग्राम अफीम, 3 किलो 514 ग्राम 71 मिली ग्राम हेरोइन, 1468 किलो 940 ग्राम चूरा पोस्त व डोडा पोस्त, 20 किलो 225 ग्राम गांजा, 1,54,448 प्रतिबंधित नशीली गोलीयां व 265 बोतल नशीली प्रतिबंधित दवाई व 596 नशीलें इंजेक्शन बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने बताया कि आमजन के सहयोग से पुलिस द्वारा चलाये गए ऑपरेशन प्रबल प्रहार को कामयाबी मिली है। उन्होंने कहा कि अगर जिला की जनता से इसी तरह का सहयोग मिलता रहा तो अवश्य ही अभियान के और बेहतर परिणाम सामने आएंगे। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिये एंटी क्राइम यूथ क्लब व नशा मुक्ति अभियान का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ सेमिनारों व गोष्ठियों के माध्यम से नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक भी कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने जिले की आम जनता, सामाजिक संगठनों, युवा क्लबों व पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे जिला पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान से जुड़कर कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि नशा मुक्त समाज की स्थापना की जा सके।