आंधी से गिरा पेड़ ,कार क्षतिग्रस्त
कालांवाली।
बुधवार दोपहर को आई तेज आंधी के कारण जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं गांव जगमालवाली के पास एक बडा पेड़ सड़क से गुजर रहे ट्रैक्टर ट्राली व कार पर गिर गया। इस घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो व्यक्ति बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वन विभाग के वन रक्षक कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से वृक्ष को सड़क से हटाया इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
पिपली के राजकीय स्कूल में प्रिंसिपल गांव ख्योवाली निवासी मास्टर अमन पाल ने बताया कि वह अपने चालक सुरजीत सिंह के साथ किसी कार्यवश कालांवाली आया था। पिपली जाते समय अचानक जगमालवाली गांव पहुंचने पर तेज आंधी शुरू हो गई और एक बड़ा पेड़ कार के ऊपर गिर गया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि वे दोनों बाल-बाल बच गए।