अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
सीआईए डबवाली पुलिस ने बुधवार देर रात गश्त और चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित नशीली गोलियों के सप्लायर समेत तीन लोगों को काबू कर 3600 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। पकड़े गए लोगों की पहचान जसपाल सिंह व सतगुरु सिंह निवासी गांव आदमके पंजाब व सप्लायर जसबीर उर्फ काला निवासी मत्तड़ के रूप में हुई है। रोड़ी थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
सीआईए डबवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर दलीप सिंह ने बताया कि स्टाफ के उप निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान स्कूटर पर सवार जसपाल व सतगुरु सिंह को 1200 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ गांव मत्तड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कबूला है कि वे प्रतिबंधित नशीली गोलियां मत्तड़ निवासी जसबीर सिंह उर्फ काला से खरीदकर लाए हैं। पुलिस पार्टी ने तुरंत गांव मत्तड़ में दबिश देकर सप्लायर जसबीर सिंह उर्फ काला को काबू किया है, जिसके कब्जा से 2400 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और बरामद हुई। इंस्पेक्टर दलीप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान नशीली प्रतिबंधित गोलियों के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।