अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली (सिरसा)।
शहर थाना प्रभारी हवा सिंह के नेतृत्व में पुलिस दिन-रात गश्त पर है, बावजूद इसके शहर में आपराधिक घटनाएं निरंतर जारी हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक शाखा में पैसे जमा करवाने आए श्रीगोशला डबवाली के कारिंदों के थैले में अज्ञात महिलाएं ब्लेड से कट लगाकर 1.5 लाख रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गईं।
घटना का शिकार श्रीगोशाला डबवाली के कोषाध्यक्ष कपिल बांसल और एंबुलेंस चालक राजेंद्र कुमार ने उनके पास खड़ी दो महिलाओं पर पैसे निकालने की शंका जाहिर की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए गोशाला के कोषाध्यक्ष कपिल बांसल निवासी वार्ड नंबर-3 एवं एंबुलेंस चालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह करीब साढ़े 12 बजे श्रीगोशाला से पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चंदे में आए 1.5 लाख रुपये जमा करवाने आए थे। कपिल बांसल ने बताया कि उसने 1.5 लाख रुपयों से भरा बैग ऐंबुलेंस चालक राजेंद्र कुमार को दे दिया और उसे खिड़की पर जमा करवाने के लिए खड़ा कर दिया और वह स्वयं चेक जमा करवाने हेतु फार्म भरने लगा। जब राजेंद्र कुमार ने बैग से रुपये निकालकर काउंटर पर रखे तो ड्यूटी पर तैनात महिला बैंककर्मी ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर रुपये जमा नहीं करवाए तो चालक राजेंद्र कुमार ने रुपये वापस बैग में रख लिए, कुछ समय बाद जब उस बैग हल्का-हल्का लगा तो उसने अपना बैग संभाला तो देखा कि बैग में रखी 500-500 के नोटों की तीनों गड्डियां गायब थी। तिरपाल के मोटे कपड़े से बने थैले पर करीब आठ से 10 इंच लंबा ब्लेड से कट लगा हुआ पाया।
उन्होंने इसकी सूचना तुरंत शाखा प्रबंधक को दी। घटना की सूचना मिलते ही बैंक में हड़कंप मच गया और शाखा प्रबंधक ने तुरंत सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें गोशाला के चालक राजेंद्र कुमार के इर्द-गिर्द दो महिलाएं घूमती नजर आईं, जिससे उन्होंने दोनों महिलाओं पर शंका जाहिर करते हुए प्रबंधक कमेटी को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी थाना शहर पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसएचओ हवा सिंह ने पंजाब नेशनल बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और पुलिस टीम के साथ बैंक के बाहर व आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई जारी थी।