बैंक अधिकारी बन लगाई 30 हजार की चपत
डबवाली।
फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी का एक और मामला सोमवार को सामने आया। इस मामाले में पीड़ित से 30 हजार की ठगी की गई।
वार्ड 15 निवासी नगर परिषद के सेवानिवृत्त सफाई दरोग रमेश कुमार पुत्र माधो राम फेक कॉॅल पर विश्वास करते हुए अपनी पर्सनल जानकारी व पासवर्ड की जानकारी उपलब्ध करवा दी, जिसके बाद उनके बैंक खाते से करीब तीस हजार रुपये की राशि निकल गई। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों को देते हुए अपना बैंक अकाउंट बंद करवा दिया। इस संबंध में उन्होंने शहर थाना प्रभारी को भी एक लिखित शिकायत सौंपी गई है।
शिकायत में रमेश कुमार ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में है और उक्त खाते का उन्होंने एटीएम भी लिया है। शनिवार की सुबह उनके पास एक मोबाइल नंबर 73199-90519 से एक कॉल आई और कॉल करने वाले ने अपने आप को बैंक अधिकारी बताते हुए पूछा कि आपने जो नया एटीएम लिया है उसे शुरू करवा लिया कि नहीं, जब मैंने हां कहा तो उसने कुछ जानकारी के संबंध में उसका नंबर पूछा। मैंने उक्त व्यक्ति को अपना एटीएम का नंबर बता दिया। एटीएम नंबर की जानकारी मिलते ही कुछ समय बाद उन्हें मैसेज मिले कि उनके खाते से दो बार में 29,998 रुपये निकले गए हैं, जो ई-कॉम के 721715091499 के खाते में जमा हुए हैं। जिसके बाद उन्होंने अपना बैंक अकाउंट बंद करवा दिया नहीं तो ओर भी नुकसान हो सकता था। उन्होंने शहर थाना प्रभारी से उक्त मामले में कार्रवाई की मांग की है।