अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अग्रवाल कॉलोनी में गत दिवस चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। घटना के समय परिवार वाले दिल्ली गए हुए थे। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अग्रवाल कॉलोनी निवासी सुभाष चंद्र गत दिवस सह परिवार रिश्तेदारी में दिल्ली गए हुए थे। पीछे से चोर गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी में पड़े जेवरात और साढे़ चार लाख रुपये की नकदी चुरा ली। पड़ोस के लोगों ने अगले दिन सुबह गेट का ताला टूटा देखा और सुभाष को फोन करके चोरी की सूचना दी। सुभाष चंद्र का कहना है कि 26 दिसंबर को वह दिल्ली से अपने घर पहुंचा तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घटना की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का मुआयना किया। चोरीशुदा संपत्ति की कीमत आठ लाख रुपये है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मकान के अंदर से सबूत जुटाए।
शहर थाना प्रभारी राम सिंह का कहना है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मकान के आसपास और गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा सरस्वती कॉलोनी से चोर घर के बाहर खड़ा बाइक चुराकर ले गए। पुलिस को दी शिकायत में कॉलोनी निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसने रात को अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठकर देखा तो बाइक नदारद मिली। काफी तलाश करने पर बाइक नहीं मिली। वहीं, हिसार रोड से चोर मैरिज पैलेस के पास सिरसा निवासी राकेश कुमार का बाइक चोरी करके ले गए। राकेश कुमार किसी काम से यहां आया था। उसने अपना बाइक पैलेस के बाहर खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो बाइक गायब मिला। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।