अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सैकड़ों युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक्सपर्ट वर्ल्ड ओवरसीज कंपनी के मालिक आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई राजस्थान के चुरू जिले के गांव दूधवा निवासी रोहताश की शिकायत पर की है। चार दिन पहले पीड़ित बेरोजगारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
पुलिस को दी शिकायत में रोहताश ने बताया कि अमृतपाल सिंह ने उसे विदेश में आकर्षक वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। उससे टिकट की एवज में 96 हजार रुपये ऐंठकर फरार हो गया। रोहताश का कहना है कि उसे केन्या की सिनोहाइड्रो कंपनी में नौकरी देने की हामी भरी गई थी। इस एवज में उसने अमृतपाल के एक्सिस बैंक के अकाउंट में 8 फरवरी को 96 हजार रुपये जमा करवा दिए। रोहताश के अनुसार 16 फरवरी की केन्या एयरलाइंस की उसकी टिकट बुक की गई। पर जब उसने 9 फरवरी को टिकट ऑनलाइन चैक किया तो टिकट कैंसल पाई गई। इस तरह का धोखा रोहताश की तरह अन्य सैकड़ों बेरोजगारों के साथ भी हुआ।
आरोप है कि पंजाब के बठिंडा के ताल्लुक रखनेवाला अमृतपाल सिंह सिरसा की बेगू रोड पर एक्सपर्ट वर्ल्ड ओवरसीज नाम से अपनी कंपनी चलाता था। 20 हजार से 1 लाख रुपये की एवज में वह केन्या, मॉरीशस सहित कई देशों में बेरोजगारों को नौकरी देने के इश्तहार देता था। उसके इसी लुभावने लालच में कई राज्यों के सैकड़ों बेरोजगार आ गए। दिसंबर से फरवरी माह तक 150 से अधिक बेरोजगारों ने अलग-अलग किश्तों में आरोपी के खाते में पैसा जमा करवाये तो किसी ने नगदी के रूप में पैसे दिए।
आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पर नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठने का आरोप है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुरजीत सहारण, पुलिस प्रवक्ता, सिरसा।