नशा बेचने की शिकायत पर दंपति की पिटाई
रानियां। युवकों द्वारा नशा बेचे जाने की शिकायत पुलिस से करना एक दंपति को उस समय महंगा पड़ गया। जब युवकों ने घर में घुसकर उनकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं पीटने के बाद युवकों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दे दी।
पुलिस को दी शिकायत में रानियां के वार्ड नंबर 4 निवासी नजमा पत्नी सुलतान राम ने बताया कि उनके पड़ोस में कुछ युवक काफी समय से नशा बेच रहे थे। कोई भी उनके खिलाफ आवाज उठाने को तैयार नहीं था। कई बार लोगों से बातचीत की। लेकिन कोई भी उनके खिलाफ शिकायत देेने के लिए राजी नहीं हुआ। नशे के कारण काफी युवा वर्ग प्रभावित हो रहा था। उन्होंने हिम्मत कर पुलिस को युवकों के खिलाफ शिकायत दी। इसी बात की रंजिशन में 20 अगस्त की सायं को तीन-चार युवक अचानक घर में आ घुसे। घर में उस समय वह अकेली थी। युवकों ने न केवल उसके साथ मारपीट की। बल्कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए। शोर सुनकर उसका पति भी मौके पर आ गया। जब उसने छुड़वाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आसपास के लोगों को आता देखकर युवक मौके से धमकी देते हुए भाग गए। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।