मेडिकल स्टोर संचालक से लूट का मामला: पांच दिन में भी नहीं लगा सुराग
सिरसा। मेडिकल स्टोर संचालक से रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हुए लुटेरों का पांच दिन बाद भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। शहर थाना व सीआईए की टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी है लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिल रही। पुलिस के लिए सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज साफ नहीं है। इसके अलावा लुटेरे वारदात को अंजाम देकर किधर फरार हुए इसका भी सही पता पुलिस को नहीं लग रहा।
कीर्ति नगर चौकी प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस की टीमें वारदात की गुत्थी को सुलझाने के लिए जी जान से लगी हुई हैं। गौरतलब है कि बेगू रोड स्थित गली शिव मंदिर वाली निवासी विजय कुमार का परशुराम चौक पर विजय मेडिकल नाम से स्टोर है। 18 अगस्त रात दस बजकर दस मिनट पर विजय ने मेडिकल स्टोर बंद किया। विजय ने सोमवार को एक लाख रुपये की पेमेंट किसी को देनी थी। इसलिए उसने अपने बैग में एक लाख रुपये डाल लिए। इसके बाद वह स्टोर में काम करने वाले कारिंदे कपिल के साथ बाइक पर सवार होकर आर्य स्कूल वाली गली में स्थित शनि मंदिर में पूजा करने चला गया। मंदिर में पूजा करने के बाद विजय व कपिल बाइक पर सवार होकर चले तो कुछ ही दूरी पर बाइक सवार तीन युवक ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। विजय ने बाइक रोकी तो उक्त तीन युवक उसके पास आए। युवकों ने पिस्तौल के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।