बैंक से तीन लाख रुपये निकलवाकर जा रहे किसान से लूटपाट
गाड़ी में सवार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर दिया वारदात को अंजाम, लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस
रोड़ी। कालांवाली पंजाब नेशनल बैंक से तीन लाख रुपये निकलवाकर बाइक पर जा रहे एक किसान को रास्ते में बदमाशों ने लूट लिया। गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगा दी थी। इसके बाद बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर किसान से रुपये से भरा बैग छीनकर चारों बदमाश पंजाब की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रोड़ी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवा दी।
जानकारी के अनुसार गांव थिराज निवासी गुरबाज सिंह सोमवार दोपहर को कालांवाली स्थित ंजाब नेशनल बैंक आया था। दोपहर तीन बजे गुरबाज सिंह ने बैंक से तीन लाख रुपये निकलवाए। रुपयों को बैग में रखकर गुरबाज सिंह अपने बाइक पर सवार होकर थिराज रवाना हो गया। फग्गू लिंक रोड पर पीछे से एक गाड़ी आई। चालक ने गाड़ी बाइक के आगे लगाकर रोक दी। गुरबाज सिंह का कहना है कि उसने बाइक रोकी तो गाड़ी में से चार युवक नीचे उतरकर उसके पास आए। एक युवक ने उसे पिस्तौल दिखाते हुए उसके पास से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद चारों युवक गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। लुटेरों के जाने पर गुरबाज सिंह ने रोड़ी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर रोड़ी थाना प्रभारी सुखजीत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवाकर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। रोड़ी थाना प्रभारी सुखजीत सिंह का कहना है कि किसान गुरबाज सिंह का बयान दर्ज करके चार अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट व शस्त्र अधिनियम का केस दर्ज किया गया है। पुलिस की टीम फरार हुए लुटेरों की तलाश में जुटी है। शुरूआती जांच में पता चला है कि लुटेरे बैंक से ही गुरबाज सिंह का पीछा कर रहे थे।