डीजे बंद करवाने के गए पुलिसकर्मियों से हाथापाई, 12 गिरफ्तार
सबहेड
गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में किया पेश, सभी गए जेल
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। मक्खन माजरा गांव में रविवार रात साढ़े 11 बजे डीजे बंद करवाने गए पुलिस मुलाजिमों के साथ एक दर्जन लोगों ने हाथापाई की। मौलीजागरां थाना पुलिस ने हवलदार कर्मवीर सिंह, सिपाही रामेश की शिकायत पर हाथापाई करने के मामले में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि रविवार रात साढ़े 11 बजे किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि मक्खन माजरा में कुछ लोग तेज आवाज में डीजे बजाकर डांस कर रहे हैं। पहले पीसीआर पुलिस ने जाकर इन लोगों को रोका लेकिन वह नहीं रुके। इसके बाद मौलीजागरां थाने से हवलदार कर्मवीर सिंह और सिपाही रामेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब इन लोगाें को रोकने की कोशिश की तो उन लोगों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद झगड़ा करने वाले गुरजंट सिंह, गैंडी, बलविंदर सिंह बली, हरेंद्र सिंह, लखवीर सिंह लक्की, तेजिंतर सिंह, जसविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह गोल्डी, भूपिंदर सिंह, नरेंद्र सिंह, सन्नी चौहान, सिमरनजीत सिंह हैप्पी और सोहन सिंह सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सब को जेल भेज दिया है।