नप ने किया मृत पशुओं के पुराने ठेकेदार का टेंडर रद्, नए को वर्क अलाट
सिरसा। नगरपरिषद ने बुधवार को कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक करके शहर में मृत आवारा पशुओं को उठाने के पुराने ठेकेदार का टेंडर रद्द करके नए ठेकेदार को वर्क अलॉट कर दिया है। ऐसे में शहर में मृत आवारा पशुओं की खाल उतारने के बाद उसकी दुर्गंध से परेशान खाजाखेडा के ग्रामीणों और वार्ड 24,26 और 27 के लोगों राहत मिली है। क्योंकि ठेकेदार ने खाजाखेडा रोड पर ही अपने प्लाट को हड्डा रोडी बना लिया था। शहर के खाजाखेडा रोड के रहने वाले जसपाल सिंह और गुरमेल सिंह इस मामले को एनजीटी में लेकर गए थे। नया ठेकेदार मृत पशुओं को फतेहाबाद के भूना में हड्डा रोडी में डालेगा न कि सिरसा के आसपास क्षेत्र में। साथ ही नप ने किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए 9354350001 नंबर जारी किया है।
शहर में आवारा मृत पशुओं का ठेका पप्पू ठेकेदार के पास था। टेंडर की शर्त अनुसार ठेकेदार आबादी एरिया से दूर मृत पशुओं को खाल उतारने के लिए डालेगा। यह जगह एयरफोर्स से भी दूर होनी चाहिए। लेकिन ठेकेदार ने शहर के साथ लगते खाजाखेडा रोड पर एक प्लाट में मृत पशुओं को डालने लग गया। इससे वार्ड 24, 26, 27, रानियां रोड और गांव खाजाखेडा के लोग मृत पशुओं की खाल से निकलने वाली दुर्गंध से परेशान हो गए। खाजाखेडा रोड के पर रहने वाले जसपाल सिंह, गुरमेल सिंह व अन्यों ने कुछ स्कूली संस्थाओं ने एनजीटी में जनवरी में याचिका दायर की। एनजीटी ने नप सिरसा को नोटिस जारी किया। सुनवाई के दौरान नप को खाजाखेडा रोड पर मृत पशुओं को न डालने के निर्देश दिए। नप ने इस संबंध में ठेकेदार को कई बार नोटिस दिए। निर्देश दिए कि वह शहर के साथ लगते खाजाखेडा में प्लांट में मृत पशुओं को नहीं डालेगा। ठेकेदार को नई जगह तलाश करने के लिए कहा गया। प्रशासन ने भी ताजिया खेडा पंचायत की जमीन ठेकेदार को उपलब्ध करवाई। डीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया। जिसमें बीडीपीओ, ईओ को भी शामिल किया गया। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में जगह को ओके किया। लेकिन इसके बाद भी ठेकेदार ने खाजाखेडा के पास मृत पशुओं को डालना जारी रखा। नप ने इसे कई बार नोटिस दिए। खाजाखेडा और वार्ड वासियों ने कई बार नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर सिंह से मुलाकात की। प्रधान ने उन्हें जल्द ही इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। ठेकेदार को चेतावनी भी दी। लेकिन न मानने पर बुधवार को कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह की अध्यक्षता में नप ने पुराने ठेकेदार का टेंडर रद् करके नए ठेकेदार को वर्क अलाट कर दिया। नया टेंडर फतेहाबाद की फर्म ने लिया है और इसे शहर के मृत पशुओं को भूना के पास बनी हड्डा रोडी में लेकर जाएगा।
कोट्स
लोग मृत पशुओं की दुर्गंध की समस्या से परेशान थे। कई बार ठेकेदार को नोटिस दिए गए। लेकिन न मानने पर हमने पुराने ठेकेदार का टेंडर रद्द करके नए ठेकेदार को वर्क अलाट कर दिया है। शहर के तीन वार्डों के लोगों की समस्या दूर हो जाएगी।
रणधीर सिंह, कार्यकारी प्रधान, नगरपरिषद।