सिरसा। बरनाला रोड स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई महिला ठगी का शिकार हो गई। शातिर ने महिला का एटीएम बदलकर 36 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी महिला को उस समय हुयी जब उसके मोबाइल पर रुपये निकालने जाने का मैसेज आया। पीड़ित महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के विरुद्घ केस दर्ज कर किया है।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू हाउसिंग बोर्ड निवासी पूनम पत्नी अशोक कुमार ने बताया कि 3 अगस्त को वह बरनाला रोड स्थित एसबीआई के बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थी। उसने करीब डेढ़ बजे 6 हजार रुपए अपनी बहन के खाते में ट्रांसफर किए। जब दोबारा ट्रंासफर करने लगी तो नहीं हुए। इस दौरान एक व्यक्ति आया और उसकी सहायता करने के लिए उसका एटीएम ले लिया और कहा मैं एटीएम में कार्ड डालता हूं आप पासवर्ड डालें। उसी समय व्यक्ति ने धोखे से उसका कार्ड बदल लिया और पासवर्ड भी देख लिया। पैसे नहीं ट्रंासफर होने पर वह घर आ गई। करीब साढ़े तीन बजे उसके मोबाइल पर खाते से 36 हजार रुपये बैंक खाते से निकाले जाने का मैसेज आया। तब उसे कुछ शक हुआ। जब उसने अपना एटीएम चैक किया तो एटीएम बदले जाने की जानकारी हुई। उसने तुरंत बैंक में सूचित कर कार्ड बंद करवा दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।