विवाहिता के लापता होने पर परिजनों ने एसपी कार्यालय पर दिया धरना
सिरसा।
गांव धिंगतानियां के ग्रामीणों ने गुरुवार को एसपी कार्यालय पर विवाहिता के गायब होने के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। इसके विरोध में ग्रामीण और परिजन एसपी कार्यालय के समक्ष बैठ गए। कुछ समय बाद एसपी कार्यालय से पुलिस कर्मचारी आए और उन्होंने कुछ लोगों को एसपी से मिलाया। तब जाकर परिजन धरने से उठे।
पप्पू राम ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी दो लड़कियों की शादी गांव तलवाड़ा खुर्द में की थी। आरोप है कि पिछले करीब दो साल से उसकी पुत्री का पति रमेश शराब के नशे में रोजाना उससे मारपीट करता था। 2 जनवरी 2018 को सुबह उसके पास बेटी के ससुराल से फोन आया और उसे बताया गया कि उसकी बेटी कहीं लापता हो गई है। इसके बाद ऐलनाबाद थाने में उसने बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद भी कई बार उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों से उसके बारे में पूछताछ भी की। लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जबाव नहीं मिला। वहीं जब परिवार के लोगों ने अगले दिन बेटी के कमरे में जाकर तलाशी ली तो वहां कुछ खून के निशान पाए गए जिसके बाद उन्हें शक है कि कहीं ससुराल पक्ष के लोगों ने ही उसकी बेटी को मारकर कहीं दफना दिया हो या फिर छुपा दिया हो। वहीं ममता की छोटी बहन कृष्णा ने बताया कि उसके ससुराल वाले एक भाजपा नेता के रिश्तेदारों के खेतों में रहते हैं। धटना वाले दिन उसके जीजा ने उसकी बहन को पीटा। सुबह जब उठी तो उसके जीजा ने कहा कि उसकी बहन पर्ची लिखकर छोड़ गई है कि वह किसी युवक के साथ जा रही हूं। परिजनों ने एसपी से बेटी की लापता होने के मामले की जांच करवाई जाए और जो भी दोषी है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।