अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
सेक्टर 23 में (22) वर्षीय मोहन चिनाई मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। सुबह काम शुरू करने से पहले चिनाई का सामना तैयार करने व पानी का छिड़काव के लिए पानी की मोटर को चलाने की कोशिश कर रहा था कि अचानक मोटर मेें करंट आने से युवक पूरी तरह से झुलस गया। अन्य परिवार जनों ने युवक को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव को परिजनों को सौंपा दिया।
वीरवार को सामान्य अस्पताल में मोहन के पिता लक्ष्मी ने बताया कि वह यूपी के झांसी जिले के रहने वाले हैं और काफी समय से यहां पर मेहनत मजदूरी कर पेट पाल रहे हैं। सेक्टर 23 की साइट पर सुबह आठ बजे वह काम केे लिए आए थे, काम शुरू करने से पहले बेटा पानी के छिड़काव के लिए मोटर चलाने गया कि अचानक मोटर में करंट लगने से बेटा पूरी तरह से झुलस गया। परिवार के अन्य सदस्यों भी वही उपस्थित थे, पता लगने पर उसे सामान्य अस्पताल पहुंचा। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेक्टर-23 एसआई राम अवतार ने बताया करंट लगने से मोहन नाम के युवक की मौत हो गई हैं। इत्तफाकिया मौत की कागजी कार्यवाही और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया हैं। मोहन की मौत के बाद दो परिवारों में मातम छा गया। परिवार जनों ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसका रिश्ता यूपी के रामपुरा में हुआ था और 29 तारीख को मोहन की शादी का कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन शादी से पहले ही यह घटना हो गई।