नई अनाज मंडी क्षेत्र से दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 43,500 रुपये की सट्टा राशि, एक एलईडी, एक लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन, एक रिमोट, एक वाई-फाई, दो कंप्यूटर कीपैड, एक अडैप्टर, एक एक्सटेंशन बोर्ड, मोबाइल चार्जर लीड लगी हुई एक अटैची, लेखा जोखा की एक डायरी बरामद हुई है। दोनों आरोपी रायल चैलेंजर बंगलूरू और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार शाम टी-20 क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए दो व्यक्तियों को सीआईए व सिविल लाइन थाना की पुलिस टीमों ने नई अनाज मंडी क्षेत्र से दबोचा। इनकी पहचान प्रेम कुमार निवासी कपास मंडी व देवेंद्र कुमार उर्फ डब्बू निवासी रोड़ी गेट, सिरसा के रुप में हुई। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी नई अनाज मंडी के बूथ नंबर 17 में मोबाइल फोन व लैपटॉप के माध्यम से आरसीबी और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे। इस सूचना को पाकर सीआईए प्रभारी सब इंस्पेक्टर साधू राम व सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने टीम के साथ दोनों को मौके से काबू कर लिया।