उपमंडल के गांव अबूबशहर के समीप से गुजर रही इंदिरा गांधी नहर के पास शुक्रवार रात कार सवार युवकों ने चालक की कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसकी कार लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना पाकर चौटाला चौकी व सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
चौटाला चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि यह वारदात राजस्थान एरिया की बसीर चौकी के अंतर्गत हुई है, इसलिए बसीर चौकी पुलिस को जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मिली जानकारी अनुसार कुछ युवकों ने संगरिया से एक कार किराये पर ली थी और चालक को राजस्थान के साबुआना में बंधक बनाकर उससे कार लूट ली और गांव अबूबशहर के समीप इंदिरा गांधी नहर के पास आकर उसे यहां उतारकर भाग गए। बाद में कार चालक ने अपने को बंधन मुक्त किया और वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद सदर थाना व चौटाला चौकी पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। उन्होंने बताया कि वारदात की सूचना राजस्थान पुलिस को दे दी गई है और बसीर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।