क्षेत्र के गांव ढाणी दलीप सिंह नगर निवासी एक व्यक्ति के साथ 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिन लोगों पर केस दर्ज किया गया है, उनमें संजीव सिंह, गुरलाल सिंह, दिलबाग सिंह व जसपाल सिंह निवासी ढाणी दलीप सिंह नगर, संतनगर शामिल है।
पुलिस को दी शिकायत में मालक सिंह निवासी ढाणी दलीप सिंह नगर, संतनगर ने बताया कि वर्ष 2017 में जसपाल सिंह हमारे घर आया और कहने लगा कि अपने गांव के संजीव सिंह व गुरलाल सिंह ने एक कंपनी क्यूनेट बनाई है और उसमें पैसा लगाने से हर माह पैसा वापस आता रहता है। इन्होंने भी बातों में आकर बलबीर सिंह ने 5 लाख, अमृतपाल सिंह ने दो लाख रुपये, सुरेंद्र कौर ने डेढ़ लाख, व उत्तम सिंह ने ढाई लाख रुपये, मेरे साले हरमीत सिंह ने डेढ़ लाख रुपये व गगन कौर ने दो लाख रुपये संजीव सिंह के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। कुछ दिनों तक संजीव व गुरलाल चंडीगढ़ में मीटिंगों में हमें बुलाते रहे। करीब एक साल बाद भी उनके पास कोई पैसा नहीं आया, जिसके बाद उन्हें पता चला कि कंपनी तो फ्रॉड है।
इस बारे संजीव व गुरलाल से बात की तो पहले दोनों पैसे वापस देने के आश्वासन देते रहे। इसके बाद दोनों ने पैसे वापस देने से साफ मना कर दिया। अब जब भी पैसे की मांग करते हैं तो हमें जान से मारने की धमकी देते हैं। जांच अधिकारी एसआई जगदीश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपियों को काबू कर पूछताछ के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।