कांग्रेस भवन में सत्याग्रह आंदोलन पर बैठे कांग्रेसी
सिरसा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस भवन में सत्याग्रह आंदोलन किया। कार्यकर्ता मुंह पर पट्टी बांध व हाथों में पोस्टर लेकर धरने पर बैठे।
रविवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व जिला प्रभारी बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में सत्याग्रह आंदोलन किया गया। इस अवसर पर बजरंग गर्ग ने कहा कि सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और हमें उम्मीद है कि उच्च अदालत से हमें इंसाफ मिलेगा। ललित मोदी और नीरव मोदी बेईमान व्यक्ति है जो देश के अरबों रुपये हड़प कर विदेश में फरार हो गए। ललित मोदी व नीरव मोदी देश के दुश्मन है। केंद्र सरकार को इन भगोड़ों को पकड़कर भारत देश में वापस लाकर पैसे की वसूली करनी चाहिए।
सरकार भगोड़ों से रुपये की वसूली करने के बजाय विपक्षी पार्टियों की आवाज दबाने में लगी हुई है जो लोकतंत्र की हत्या है। बजरंग गर्ग ने कहा कि देश की जनता व सभी विपक्षी दल अदाणी को बैंक से दिया गया अरबों रुपये कर्ज व एलआईसी में किया गया पूंजी निवेश वापस लेने की मांग करता आ रहा है और अदाणी ने अपने शेयर की वेल्यू को ज्यादा दिखा कर देश की जनता को जो ठगने का काम किया है। उसके लिए अदाणी ग्रुप पर कार्रवाई करनी की मांग काफी समय से कांग्रेस पार्टी करती आ रही है मगर प्रधानमंत्री मोदी अदाणी पर कार्रवाई करने के बजाए अदाणी को बचाने में लगे हुए हैं। आज देश व प्रदेश की आम जनता भाजपा सरकार से बेहद दुखी है और इस सरकार से मुक्ति चाहती है।
इस मौके पर पूर्व सांसद डॉक्टर सुशील इंदौरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉक्टर केवी सिंह, प्रदेश प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा, मलकीत सिंह खोसा, नवीन केडिया, सुभाष जोधपुरिया, राम सिंह सोलंकी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।