चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित रहने व बिना अनुमति के स्टेशन छोड़ने पर कालांवाली के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम निर्मल नागर ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बडागुढ़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बारे में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त को शिकायत की है। शिकायत में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीपीओ ओमप्रकाश को निलंबन कर चुनाव नियमानुसार कार्रवाई करने के बारे में सिफारिश की गई है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कालांवाली निर्मल नागर ने बताया कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीपीओ बडागुढ़ा को 21 अक्तूबर को सुबह 5 बजे कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर रहने बारे निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन अधिकारी के सुबह 5 बजकर 56 मिनट तक भी ड्यूटी पर उपस्थित न होने पर रीडर संजीव कुमार ने उनसे उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे फतेहाबाद अपने घर पर हैं और अभी ड्यूटी पर आ जाएंगे।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि उक्त अधिकारी द्वारा चुनावी ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर व बिना अनुमति के स्टेशन छोड़कर घोर लापरवाही की है। अधिकारी की अनुपस्थिति से चुनाव कार्य के निर्वहन में बहुत बाधा उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि अधिकारी ने चुनाव कार्य में रुचि नहीं लेकर चुनाव कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की है।