- होटल संचालक ने दी लिखित में शिकायत में बताया कि जेई व कर्मचारी करते हैं महिला की मांग, ऑडियो रिकॉर्डिंग का दावा
पहले भी पैसे मांगने के लगते रहे आरोप, पहली बार महिला की मांग करने के लगे आरोप
फोटो -
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में अतिक्रमण हटाने के मामले में नगर परिषद के कर्मचारियों व अधिकारियों पर रिश्वत से लेकर मंथली मांगने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगर परिषद की डबवाली रोड पर की गई कार्रवाई के बदले शिकायत के तौर पर सामने आया है। इसकी अधिकारी जांच कर रहे हैं।
एक होटल संचालक ने कार्यकारी अधिकारी को पत्र भेजकर परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम के कर्मचारी व एक जेई पर महिला उपलब्ध करवाने की मांग करने का आरोप लगाया है। होटल संचालक ने शिकायत में यहां तक आरोप लगाया है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसके यहां जेसीबी से रैंप तोड़ने की कार्रवाई की गई। होटल संचालक ने अधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस मामले में कार्रवाई की जाए। कार्यकारी अधिकारी ने मामले की जांच सीएसआई का सौंपी है। सीएसआई ने जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी व कर्मचारी अपने स्तर पर पता करने में लगे हुए हैं कि कहीं किसी ने उनका नाम लेकर होटल संचालक से यह मांग तो नहीं कर डाली। ऐसे में हर कोई अपने अपने स्तर पर पड़ताल करने में जुट गया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उससे महिला की मांग करने वाले कर्मचारी व जेई की ऑडियो रिकॉर्डिंग है। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग को वह अधिकारियों के सामने प्रस्तुत करेंगे। यही कारण है कि नगर परिषद में हर कोई जानना चाहता है कि आखिरकार सच्चाई क्या है।
चार दिन से बंद पड़ा है अभियान
डबवाली रोड पर कार्रवाई करने के बाद आई शिकायत के बाद से कर्मचारी परेशान हैं। डी ग्रुप के कर्मचारी जो निरंतर अभियान चला रहे थे, वे परेशान हैं। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई करने वाले मुख्य कर्मचारी के मोबाइल पर भी शिकायत की जानकारी भेजी है। यही कारण है कि पिछले चार दिनों से कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की है।
डबवाली रोड पर बड़े स्तर पर है अतिक्रमण
अधिकारियों की मानें तो 10 दिनों से लगातार चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को रोकने की साजिश के तहत यह कार्रवाई की गई है। ताकि यह अभियान रुक जाए, लेकिन ऐसा नहीं होगा। अब डबवाली रोड को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। डबवाली रोड पर सालों से अस्पताल संचालकों, होटल मालिकों व अन्य दुकानदारों ने 20 फीट तक कब्जा किया हुआ है। अब पूरे जोर-शोर के साथ कार्रवाई होगी। एक भी दुकान के आगे अतिक्रमण नहीं होगा। अस्पतालों को वाहन खड़े करने होंगे तो वे पार्किंग की व्यवस्था करेंगे।
कोट्स
शिकायत की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जाएगी। संबंधित होटल मालिक को नोटिस देकर सबूत पेश करने के लिए कहा जाएगा। मामले की पूरी सच्चाई जानी जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उच्चाधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी।
-जयवीर सिंह, सीएचआई, जांच अधिकारी व मुख्य इंचार्ज अतिक्रमण टीम