सिरसा। शहर में कोहरे और भीषण ठंड को डबल अटैक जारी है। शुक्रवार को दिन कोल्ड-डे रहा। जिले का अधिकतम तापमान 17 डिग्री से गिरकर 12.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम में निरंतर बदलाव हो रहा है। भीषण ठंड व कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। ठंड में लोग घरों में दुबकने को मजूबर हैं। शुक्रवार को दोपहर तक धुंध छाई रही। पूरा दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा। धुंध के कारण सबसे ज्यादा गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन प्रभावित हुई, जो शुक्रवार को भी तीन घंटे देरी से चली। ऐसे में नववर्ष पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों का मानना है कि ठंड में श्वास एवं हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें ठंड से बचाव करना चाहिए। गर्म पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। सुबह सैर के समय ठंड से बचाव के वस्त्र पहने। सिर को ढककर रखना चाहिए। पानी को उबालकर गुनगुना होने पर पीना चाहिए।
ये रही तापमान की स्थिति
शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं वीरवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं पिछले साल 2022 मेंं 29 दिसंबर को अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया था।
ट्रेन जो देरी से पहुंची
फाजिल्का-रेवाड़ी : समय सुबह 9 बजकर 50 मिनट, पहुंची 10 बजकर 18 मिनट पर
गोरखधाम : समय सुबह 10 बजकर 40 मिनट, पहुंची दोपहर 2 बजकर 34 मिनट पर पहुंची।
श्री गंगानगर एक्सप्रेस : समय 6 बजे, पहुंची रात 7 बजकर 21 मिनट,
किसान एक्सप्रेस : समय 7 बजकर 30 मिनट, पहुंची रात 8 बजे सिरसा