सोमवार सुबह सांप पकड़ते समय हादसा हुआ, सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। सोमवार सुबह सिरसा रोड पर रेस्क्यू अभियान के दौरान स्नेकमैन खुशी मोहम्मद कुरैशी को कोबरा ने डस लिया। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए बठिंडा रेफर किया गया।
कोबरा निकलने की सूचना मिलने पर खुशी मोहम्मद कुरैशी मौके पर पहुंचे थे। वह सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कोबरा ने उन्हें डस लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बठिंडा भेज दिया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
खुशी मोहम्मद कुरैशी लंबे समय से डबवाली क्षेत्र में सांपों का बचाव कार्य कर रहे हैं। वह हजारों जहरीले जीवों को सुरक्षित पकड़कर जंगल और अन्य सुरक्षित स्थानों पर छोड़ चुके हैं। इसी कारण लोग उन्हें स्नेकमैन के नाम से जानते हैं। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।