संत कबीर दास जयंती समारोह में सीएम सैनी और अन्य भाजपा के नेता
- फोटो : अमर उजाला
सिरसा की अनाज मंडी में संत कबीर दास जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने की। संत कबीर जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिले को बड़ी सौगातें दीं। प्रदेश के सफाई कर्मचारियों को भी खुश करने का काम किया। उन्होंने जिले के नशा मुक्ति अभियान को मजबूत बनाते हुए नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज में विशेष रूप से 100 बेड का नशा मुक्ति केंद्र बनाए जाने की घोषणा की। लंबे समय से आधुनिक तकनीक पर आधारित नशा मुक्ति केंद्र बनाए जाने की सरकार से मांग की जा रही थी।
स्थापित होगा 20 बेड का नशा मुक्ति केंद्र
वहीं, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजस्थान के साथ लगते ऐलनाबाद क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में 20 बेड का नशा मुक्ति केंद्र स्थापित होगा। डबवाली में स्थित नशा मुक्ति केंद्र को 10 बेड से उन्होंने 30 बेड का करने की घोषणा की। ताकि नशे को लेकर व्यापक स्तर पर उपचार हो सके। वहीं, उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सौगात देते हुए घोषणा की कि सफाई कर्मचारियों के वेतन में 2100 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।