समाज कल्याण विभाग की ओर से बुजुर्ग और विधवा महिला की पेंशन किसी अन्य व्यक्ति के खाते में डाले जाने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला को बीते छह माह से पेंशन नहीं मिल रही। जिसके पश्चात उसने संबंधित बैंक में जाकर जांच करवाई तो उसकी पेंशन किसी शिवदयाल के खाते में जाने की सूचना मिली। जिसके पश्चात बुजुर्ग महिला ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत भी दी लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है।
वार्ड नंबर छह निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला लाजवंती ने बताया कि करीब छह माह से उसे बुढ़ापा पेंशन नहीं मिल रही है। इसके बारे में जब उन्होंने संबंधित बैंक में जांच करवाई तो विभाग की ओर से किसी अन्य व्यक्ति के बैंक अकाउंट को उसके नाम से चढ़ाया गया था। जिसको वह जानती तक नहीं। इसके पश्चात उन्होंने अधिकारियों को शिकायत भी दी लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया। वहीं बुजुर्ग ने कहा कि अब वह चक्कर लगा लगा थक चुकी है। वहीं वार्ड नंबर छह की पार्षद ममता सैनी ने बताया कि उनके वार्ड में अन्य कई बुजुर्गों की पेंशन भी नहीं आ रही है और कई बुजुर्गों की पेंशन किसी दूसरी अकाउंट में जा रही है। जिसको लेकर वह शिकायत भी कर चुके है लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा।
देना बैंक में पेंशन धारकों के 409 खाते थे जिन्हें बाद में बैंक आफ बड़ौदा में ट्रांसफर कर दिया गया। कुछ बैंक खाते अभी ट्रांसफर नहीं हुए हैं। विभाग अपने स्तर पर पेंशन संबंधित शिकायत पाए जाने पर माड्यूल में बदलाव कर देगा। जिन लोगों को पेंशन नहीं मिली है, उन्हें पेंशन मिल जाएगी।
- नरेश बत्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सिरसा