संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली रोड पर दिव्यांग पशु उपचार केंद्र के पास से लीक हो बरसाती पानी निकासी की पाइपलाइन की दूसरे दिन भी नगर परिषद प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। हालांकि नगर परिषद ने जयपुर की एजेंसी को नोटिस भेजकर लाइन की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम ठीक हुआ तो सोमवार को खोदाई का कार्य किया जा सकता है।
प्रदेश सरकार ने पहली बार प्रदेश में नगर निकायों को अमरुत परियोजना के तहत सीवरेज, पेयजल और बरसाती लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट दिए थे। इनके नकारात्मक परिणाम सरकार को देखने को मिले हैं। कई जिलों में निकायों के ये प्रोजेक्ट जनता के आफत बन गए हैं। शहर के महत्वकांक्षी बरसाती प्रोजेक्ट के हालात छिपे नहीं है। वर्ष 2024 में जब भी बारिश हुई है, बरसाती लाइन कहीं न कहीं से टूटी है। अब तीसरी बार टूटने पर जयपुर की एजेंसी को विभाग ने सूचित किया है और उम्मीद जताई जा रही है।
:::::::::::::::::::::::::::
खामियों पर अधिकारी बात करने को तैयार नहीं
अहम बात यह है कि इस लाइन को बिछाने में कहां पर तकनीकी खामी रहती है। इस बारे में कोई अधिकारी बात करना नहीं चाहता है। एजेंसी ने भी पिछली बार पाइप बदलकर अपनी कमियों को छुपा दिया। ऐसे में इस बार फिर पाइप लाइन लीकेज या डैमेज हो गई।
:::::::::::::::::::::::::
छह माह से नहीं बनी पाइपलाइन लीकेज के कारण टूटी सड़क
लोगों के अनुसार डबवाली रोड पर लाइन लीक के बाद ही सड़क को नहीं बनाया गया है। पहली बार लाइन लीक हुई थी, उसको छह माह बीत चुके हैं। सड़क अब तक नहीं बनी है। ऐसे में वाहन चालकों को अपना रास्ता बदलना पड़ता है। इस सड़क के टूटने के कारण रेहड़ी आदि लगाने वाले लोगों को काम भी प्रभावित है।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::
जन स्वास्थ्य विभाग पहले ही लगा चुका है घटिया निर्माण कार्य का आरोप
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से शुरुआत से ही इस प्रोजेक्ट में घटिया निर्माण इस्तेमाल करने की बात कही जा रही है। कई बार उच्चाधिकारी भी इसकी जांच कर चुकी है और अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दे चुके हैं। एडीसी से लेकर उपायुक्त तक इस पूरे प्रोजेक्ट को देख चुके हैं।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::
संबंधित एजेंसी को नोटिस भेजकर सूचित कर दिया गया है। मौसम साफ होने के साथ ही खोदाई कर पाइपलाइन की जांच की जाएगी। - प्रवीण शर्मा, जेई नगर परिषद सिरसा