सिरसा। ऑटो मार्केट में हुए अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए नगर परिषद ने करीब एक माह पूर्व दुकानदारों से बैठक बाहर रखा सामान हटाने का आह्वान किया था। इसके बाद नगर परिषद ने ऑटो मार्केट दुकानदारों को नोटिस भी दिए थे। लेकिन नोटिस की कार्रवाई कर नगर परिषद और यातायात पुलिस लगता है इनको हटवाना भूल गई है।
ऑटो मार्केट में ट्रक, ट्राला, बस, जीप-कार सहित अनेक वाहन मरम्मत करवाने के लिए आते हैं। दुकानदार इन वाहनों को बीच सड़क में ही खड़ा कर इनकी मरम्मत करनी शुरू कर देते हैं। कई बार तो यह वाहन बीच सड़क में कई दिनों तक खड़े रहते हैं। दुकानों के सामने ट्रक, बस सहित बड़े वाहन खड़े होने के कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार तो वाहनों के जाम के कारण वन-वे की स्थित हो जाती है, जिस कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। नगर परिषद की ओर से ऑटो मार्केट के दुकानदारों से अनेकों बार इस बारे में चर्चा हुई, परंतु समस्या का समाधान करवाने में नगर परिषद नाकामयाब रही है।
दुकानदार 80 फीड चौड़ी सड़क का निजी तौर पर कर रहे इस्तेमाल
ऑटो मार्केट की मुख्य सड़क करीब 80 फीट चौड़ी है। इस सड़क के दोनों तरफ मरम्मत करवाने के लिए आए वाहन व खटारा वाहनों की भरमार है। कई बार तो सड़क के बीच में वाहनों को खोलकर उनकी मरम्मत शुरू कर दी जाती है। इस मार्ग से बसों की आवाजाही भी होती है। सड़क जाम होने के कारण एक तरफा रास्ते से वाहन निकलते हैं। सड़क के बीच में खड़े बड़े वाहनों के कारण सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते, जिस कारण हादसे की संभावना बनी रहती है। ऑटो मार्केट के दुकानदार 80 फीट चौड़ी सड़क का इस्तेमाल निजी उपयोग में कर रहे हैं, परंतु नगर परिषद की ओर से इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जा सका है।
नोटिस देकर भूली नगर परिषद
ऑटो मार्केट को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए नगर परिषद की ओर से अनेकों बार दुकानदारों को नोटिस दिए गए हैं। मामला उठने के बाद अधिकारी मार्केट में जाकर दुकानदारों को चेतावनी देकर वापस आ जाते हैं, परंतु समस्या का समाधान नहीं होता। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे अवैध रूप से पक्का निर्माण कर रखा है। इसके अलावा दुकानों के बाहर खटारा खड़ी गाड़ियां पड़ी रहती है तथा निर्माण सामग्री को भी बीच सड़क में ही डाल दिया जाता है। नोटिस देने के बावजूद नगर परिषद कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिस कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है।
ऑटो मार्केट के दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए हैं। नोटिस के बावजूद भी अगर अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाए गए हैं, तो मार्केट का निरीक्षण किया जाएगा।
- अजय पंघाल, एक्सईएन, नगर परिषद सिरसा