डबवाली। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और विद्यार्थियों व आमजन को यातायात नियमों के साथ-साथ धुंध व कोहरे के दौरान होने वाले जोखिमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को 18 वाहन नियमों के प्रति जागरूक करने की वीडियो क्लिप भी दिखाई गई, ताकि वह नियमों को आसानी से समझ सकें।
वहीं यातायात प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि अभियान के तहत डबवाली क्षेत्र में वाहन चालकों को अपने वाहनों के आगे व पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सड़क किनारे लगे पेड़ों पर और आवारा पशुओं के गले में रिफ्लेक्टिव टेप से बनी बेल्ट लगाई गई, ताकि धुंध व कोहरे के समय दृश्यता कम होने की स्थिति में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।
इस अभियान के अंतर्गत डबवाली क्षेत्र के सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी शिक्षण संस्थानों को 18 जागरूकता वीडियो क्लिप उपलब्ध करवाई गई हैं, जिनके माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों द्वारा इन वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों और सुरक्षित यातायात के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। यातायात प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी के साथ-साथ धुंध व कोहरे के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही भी है।
उन्होंने हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक सिग्नल व सड़क चिह्नो का पालन करने पर विशेष जोर दिया।
सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक सावधानियां
- वाहन धीमी गति से चलाएं और आगे वाले वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
- लो-बीम हेडलाइट व फॉग लाइट का प्रयोग करें, हाई-बीम का उपयोग न करें।
- अचानक ब्रेक न लगाएं, इंडिकेटर का समय पर प्रयोग करें।
- सड़क किनारे अनावश्यक रूप से न रुकें, मजबूरी में पार्किंग/हैजर्ड लाइट चालू रखें।
- धुंध व कोहरे के समय विशेषकर हाईवे पर ओवरटेकिंग से बचें।