सिरसा। जन्म देने के बाद बच्चे को बेचने के मामले में आरोपी मां-बेटी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपी भाई सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है। आरोपी सन्नी से में खुलासा हुआ है कि प्रियंका ने पुत्र को जन्म देने के बाद बच्चे को राजस्थान के सूरतगढ़ में रहने वाले शख्स को साढ़े 4 लाख रुपये में बेचा था। इस मामले में निशा नामक महिला का नाम भी सामने आया है। निशा ने ही बच्चे को बेचने की डील कराई थी।
वीरवार को बाल कल्याण समिति ने बच्चे के पिता संजीव कौशल को अपने कार्यालय बुलाया। यहां पर संजीव ने समिति के पदाधिकारियों से कहा कि उसने पहले कभी अपने बच्चे का चेहरा नहीं देखा, ऐसे में उसे नहीं मालूम की ये बच्चा उसी का है। सूत्रों के अनुसार संजीव ने समिति के पदाधिकारियों से कहा कि उसका व बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया जाए। ताकि पता चल सके की बच्चा उसी का है। संजीव का कहना है कि वह बाल कल्याण समिति पर भरोसा करके परिवार के सामने बच्चा लेगा। वहीं, जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिता वर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है। जब तक जांच चलेगी बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की निगरानी में रखा जाएगा। जांच के बाद कोर्ट के फैसले पर कार्यवाही होगी। हुडा चौकी इंचार्ज एवं जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार का कहना है कि पिता संजीव व बच्चे का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। इसके लिए कोर्ट से अनुमति ली जाएगी। संजीव का कहना है कि आरोपियों द्वारा उसे किसी भी प्रकार से फंसाने की कोशिश की जा रही है।
पालन पोषण के लिए बच्च लिया था : राजेश
मामले में आरोपी राजेश कुमार ने वीरवार को पत्रकार वार्ता कर मामले को झूठा बताया और उसने कहा कि वह बच्चे के पालन पोषण के लिए उसे लेकर गया था। कुछ समय बाद ही उन्होंने गोदनामा करवाना था। इनके खिलाफ अब बच्चा बेचने व खरीदने का मामला दर्ज करवाया गया है।
बीमारी में खर्च कर दी अधिकांश राशि
पुलिस रिमांड में आरोपी सन्नी ने बताया है कि बच्चे को बेचकर साढ़े 4 लाख रुपये की जो राशि मिली थी, उसमें से अधिकांश राशि प्रियंका की बीमारी में खर्च हो गई। कुछ राशि उसने अपने पास रख ली। पुलिस ने आरोपी से कुछ राशि भी बरामद की है।
आरोपी मां-बेटी पहुंच चुकी है जेल
बता दें कि इस मामले में जुवनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट आशुतोष ने 13 अक्टूबर को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश सिविल लाइन थाना पुलिस को दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां प्रियंका सहित 6 लोगों के खिलाफ जेजे एक्ट 2015, 420/406/506/120 बी आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी। मामले आरोपी प्रियंका व उसकी मां सीमा को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश किया। यहां से कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।