संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। गांव सुब्बाखेड़ा में एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के चाचा अमरीक सिंह निवासी गांव नरुवाणा (पंजाब) ने बडागुढ़ा थाना में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में कहा गया कि उसके भतीजे की मौत ओवरडोज दवाइयां देने से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। अभी पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया करवाई की है।
जानकारी मुताबिक करीब तीन वर्षीय गुरबाज सिंह के पिता गगनप्रीत सिंह की मौत हो चुकी है। वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल गांव सुब्बाखेड़ा में रह रहा था। कुछ समय गुरबाज सिंह की मां ने दूसरी शादी कर ली। गुरबाज अपने नाना-नानी के पास ही रह रहा था। शुक्रवार सायं तबीयत बिगड़ने के चलते वे गुरबाज को अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते उसकी मौत हो गई। गुरबाज की मौत की सूचना पाकर उसके गांव नरुवाणा से चाचा अमरीक सिंह व दादा-दादी बडागुढ़ा थाना में पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि गुरबाज की ओवरडोज दवाइयां देने की वजह से मौत हुई है। इस मामले में कार्रवाई की जाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गुरबाज के मामा जसकरण सिंह के मुताबिक करीब 2 दिन पूर्व गुरबाज को बुखार हुआ था। इसके चलते उन्होंने उसका उपचार करवाया था। शुक्रवार को एकदम से उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो वे उसे सिरसा अस्पताल ले जाने लगे इसी दौरान रास्ते में गुरबाज की मौत हो गई।
:::::::::::::::::::::::::::::::::
कोट्स
इस मामले में बडागुढ़ा पुलिस ने इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।- एएसआई रोहताश कुमार।