संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा भट्टू के गांव जंडवाला में धर्मशाला का निर्माण के दौरान मजदूर के नौ माह के बच्चे की पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गई। बच्चे को परिजन नाथूसरी चोपटा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने जांच करने के उपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्चे के परिजनों ने मामले में पुलिस को कोई शिकायत न देकर शव को लेकर चले गए।
बता दें कि मध्यप्रदेश निवासी मजदूर फतेहाबाद के भट्टू के गांव जंडवाला में धर्मशाला का निर्माण करने के लिए ठेकेदार के पास परिवार सहित आए हुए थे। वह निर्माणाधीन जगह पर ही रह रहे थे। वीरवार सुबह करीब 10 बजे नौ माह का बच्चा सौरव अपने पिता कल्लू के पास सोया हुआ था। वहीं मां निर्माण कार्य में चल रहे काम में व्यस्त थी। बच्चा पिता के पास से कुछ दूरी पर बने पानी के कुंड में गिर गया। कुछ समय बाद बच्चे की मां मौके पर लौटी तो देखा कि बच्चा पिता के पास नहीं था। बच्चे को आसपास तलाशा गया तो वह कुंड में गिरा दिखाई दिया। कुंड से बच्चे को बाहर निकालकर परिजन नाथूसरी चोपटा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को सिरसा रेफर कर दिया। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
पानी के कुंड में डूबने से नौ माह के बच्चे की मौत हो गई है। नागरिक अस्पताल जब तक बच्चे को लाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों को इस बारे में अवगत करवाया दिया था।
-डॉक्टर भारत भूषण, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल सिरसा