आयोजन स्थल का निरीक्षण करते एडीसी व भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह।
सिरसा। संत कबीर जयंती के उपलक्ष्य में 11 जून को सिरसा में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियों के लिए शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे।
एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि इस आयोजन में प्रदेश भर से लोग पहुंचेंगे। इसलिए विभिन्न विभाग के अधिकारी अपनी ड्यूटी के लिए पहले से प्लान तैयार करें ताकि किसी को कोई परेशानी न आए। उन्होंने यह भी कहा कि इस समारोह के दौरान पार्किंग, पीने के पानी व गर्मी में पंखे व कूलर की व्यवस्था प्रॉपर होनी चाहिए।
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि संत कबीर जयंती के लिए पूरे प्रदेश के लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। वह खुद प्रदेश के कई जिलों का दौरा कर चुकी हैं। समारोह सिरसा में होने के कारण पंजाब व राजस्थान से भी लोग यहां पहुंचेंगे। इस समारोह में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी होगी और यह सिरसा में अब तक हुए बड़े कार्यक्रमों में से एक होगा।
उन्होंने कहा कि सिरसा व आसपास के जिलों से लोग जयंती में बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। बैठक के बाद आयोजन स्थल के लिए अनाज मंडी व शहीद भगत सिंह स्टेडियम का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगराधीश यश मलिक, डीएसपी आर्दशदीप व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।