अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गांव भंगू में व्यायामशाला में लगाए गए सीएम मनोहर लाल के पोस्टर पर सोमवार को किसानों ने कालिख पोतकर विरोध जताया। यहीं नहीं, किसानों ने कालिख पोतने के बाद पोस्टर को व्यायामशाला से भी उतार दिया। किसानों ने कहा कि सरकार के खिलाफ वे अपना रोष जारी रखेंगे। दूसरी तरफ पुलिस इस मामले में कार्रवाई के लिए शिकायत का इंतजार कर रही है।
दरअसल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गांव भंगू में व्यायामशाला में योग का कार्यक्रम रखा गया था। व्यायामशाला में सीएम का पोस्टर भी लगाया गया था। इस बात की भनक किसानों को लगी तो वे एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। बताया जा रहा है कि किसान यूनियन से गुरलाल सिंह भी किसान के साथ मौके पर पहुंचे हुए थे। किसानों ने जब योगस्थल पर मुख्यमंत्री की फोटो देखी तो वे आक्रोशित हो गए और फोटो पर कालिख पोतते हुए पोस्टर को वहां से उतार दिया। रोष व्यक्त कर रहे किसानों ने कहा कि भाजपा ने कृषि कानूनों के नाम पर किसानों के साथ बेइंसाफी की है। इसलिए सरकार का जहां भी कार्यक्रम होगा वे अपना विरोध जारी रखेंगे। किसान नेता गुरलाल सिंह ने कहा कि सरकार योग का बहाना बनाते हुए अपने पोस्टर-बैनर लगाकर लोगों के बीच पहुंचना चाहती है। इस बात पर योग कर रहे लोगों से किसानों ने कहा कि वे योग दिवस का कोई विरोध नहीं करते अपितु उनका रोष सरकार के खिलाफ है और वे जारी रखेंगे। किसानों ने गठबंधन सरकार के नेताओं को वे गांवों में नहीं घुसने देंगे। इस बारे में बडागुढ़ा थाने के एसएचओ राम महेंद्र ने बताया कि इस मामले में किसी तरह की कोई शिकायत नहीं आई है।