जिले भर में पूर्वी राज्यों के लोगों की ओर से छठ पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। जय मां सरस्वती सेवा समिति की ओर से इस अवसर पर कार्यक्रम बड़ी धूमधाम के साथ आयोजित किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल, नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु रात भर नाचते और गाते रहे।
बुधवार को उगते हुए सूर्य देव के दर्शन कर व्रती महिलाओं ने पूजन किया। घाट पूरी तरह सजा हुआ था। जगह जगह पर दीप व मोमबत्ती जल रहे थे।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी व वरिष्ठ अतिथि के कृष्ण गुबंर थे। सुबह सूर्य के उगने से पहले ही श्रद्धालु पानी में खड़े हो गए। जैसे ही पूरब दिशा में लालिमा छाई व्रतियों ने अर्घ्य देना शुरू कर दिया है। जगरण के मुख्य कलाकार विजेंद्र महंत, दिनेश महंत, राजकुमार आनंद मौजूद थे।
छठ पूजा से होती है तन-मन की शुद्धि : भूपेश महेता
सिरसा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भूपेश मेहता ने मंगलवार सायं मिनी बाई स्थित नहर पर पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ पूजा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ सदस्य मोहन लाल डरोलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
भूपेश मेहता, मोहन लाल डरोलिया व उनके साथ आए हुए अतिथियों का फूल-मालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। पंडित अवधेश कुमार के सान्निध्य में भूपेश मेहता व मोहन लाल डरोलिया ने छठ मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा जागरण की ज्योत प्रचंड करके छठ माता का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान भूपेश मेहता ने श्रद्धालुओं को छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा कि छठ माता की पूजा से तन-मन की शुद्धि होती है।
इस अवसर पर समिति के प्रधान कुलदीप यादव, वरिष्ठ सलाहकार विद्यार्थी, विश्वनाथ, पाठक, सुभाष चौधरी, विनोद कुमार, लखन लाल, रामसुमेर, रामलाल, अशोक कुमार, कमल देव, जितेंद्र, हरीराम, जयशंकर, संतोष कुमार, विजय कुमार, राजवीर, शैलेश पाठक, जितेंद्र ठाकुर, जयशंकर प्रसाद, संजय यादव सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
माता पूरी करती हैं मनोकामना : शर्मा
सिरसा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि छठ मैया भक्तों की मनोकामना पूरी करती हैं। वह मंगलवार रात बाईपास नहर के पास आयोजित माता सरस्वती के जागरण में ज्योत प्रचंड करने के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा का पूरे भारत में विशेष महत्व है। यह गंगा जमुनी तहजीब को स्पष्ट करता है। सभी लोगों को इसे मिलजुलकर मनाना चाहिए। इस अवसर पर राजकुमार वर्मा, हरीश सोनी, भोला जैन, देवेंद्र सोनी, सीताराम गुप्ता, बृजदान चारण, राजकुमार प्रसाद, राजकुमार पासवान, चंद्रदेव यादव, शंभू कामत, कमलेश यादव, विजय कुमार, आनंद पासवान, कौशलाधीश दूबे, सुदामा पासवान, उपेंद्र गुप्ता, बजरंगीलाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
रातभर भजनों पर झूमे श्रद्धालु, सुबह दिया अर्घ्य
बिहार मूल के लोगों की अगाध आस्था के पर्व छठ पर्व के अवसर पर ऐलनाबाद में बिहारी नवयुवक संगठन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय छठ पर्व बुधवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ।
हनुमानगढ़ रोड बाईपास स्थित नहर में डुबकी लगाकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। एक ओर जहां समाज की महिलाएं, पुरुष व वृद्ध पूजा-अर्चना में व्यस्त थे, वहीं दूसरी ओर युवा आतिशबाजी करते रहे। नहर किनारे पटाखों, खिलौनों व अन्य सामान की अनेक स्टालें लगी हुई थीं, जिन पर लोगों ने खूब खरीददारी भी की।