सिरसा। नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव मानक दीवान के स्कूल में आयोजित सीबीएसई की नाॅर्थ जोन इंडिया राइफल पिस्टल शूटिंग की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को आरंभ हुआ। इसमें प्रदेशभर की 250 टीमों ने भाग लिया है। पहले दिन ही यहां व्यवस्था चरमरा गई। खेलों के आयोजन को लेकर शाम तक खेल कोचों को जानकारी तक नहीं मिल पाई। वहीं खिलाड़ियों के रहने, शौचायल, पानी सहित अन्य व्यवस्था न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। इसके कारण खेल कोच इन खेलों को दूसरी जगह करवाने की मांग उठा रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं फरीदाबाद, सिरसा, सोनीपत अन्य जिलों से टीम लेकर पहुंचे कोच दीपक, राहुल, सतीश ने कहा कि शाम होने तक खेल के शुरू होने के समय की जानकारी तक नहीं मिल पाई। दिनभर यहां पर तैनात अधिकारियों से जानकारी लेते रहे। लेकिन अंत में अब उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। पहले दिन होने वाले खेलों को अंतिम दिन करवाने की बात कह रहे हैं। तीन दिवसीय खेलों में प्रदेशभर की 250 से अधिक टीमें शामिल हुईं हैं और दो हजार के करीब खिलाड़ी यहां पर पहुंचे हैं। लेकिन उनके रहने, खाने, पानी, शौचालय की कोई भी व्यवस्था तक नहीं की गई है। बीते दिन वीरवार शाम को ही कई खिलाड़ी व कोच यहां पर पहुंच गए थे। लेकिन यहां पर कोई व्यवस्था नहीं है। इसके कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
खेल स्थगित करवाकर दूसरी जगह पर करवाने की उठाई मांग
20 से 22 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले गन शूटिंग खेल प्रतियोगिता को स्थगित करवा दूसरे स्थान पर करवाने को लेकर खेल कोच की ओर से मांग की जा रही है। वहीं उन्होंने कहा कि सीबीएसई की तरफ से शहर के आसपास के क्षेत्र में स्थित सीबीएसई स्कूलों में खेल का आयोजन करवाया जाए। ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़ा। उन्होंने बताया कि रात के समय अब ठंड है। लेकिन इससे बचने व रात को आराम करने के लिए भी कोई विशेष व्यवस्था तक नहीं है।
विज्ञापन
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रवक्ता ने करवाया खेलों का आरंभ
शुक्रवार को खेलों का आरंभ हरियाणा एनसीबी यूनिट सिरसा के प्रवक्ता सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार गांव मानक दीवान के ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में नॉर्थ जोन इंडिया सीबीएसई स्कूलों की राइफल व पिस्टल शूटिंग के तीन दिवसीय गेम का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में पहुंच कर सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों व अध्यापकों एवं बच्चों को नशे के प्रति जागरूक किया। मुख्य वक्ता ने बताया कि आज के भौतिकतावाद के युग में मनुष्य के पास अपने स्वास्थ्य के लिए भी समय नहीं है और इस पर भी वह अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। सबसे अधिक घातक मनुष्य के लिए ड्रग्स के नशे हैं जो भारत सरकार द्वारा पूर्ण रूप से प्रतिबंधित हैं। वहीं उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया।