रानियां। कृषि विभाग ने रविवार को गांव कुस्सर निवासी किसान मघ्घर सिंह के खिलाफ धान की पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई की।
खंड कृषि अधिकारी गुरदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसान का 5 हजार रुपये का चालान काटा। कृषि विभाग की मॉनिटरिंग टीम को कार्यालय में करीब एक एकड़ में पराली जलाने की सूचना मिली थी।
सरकार पर्यावरण प्रदूषण कम करने और भूमि की उपजाऊ क्षमता बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रही है। धान के अवशेष न जलाने पर प्रति एकड़ 1200 रुपये अनुदान राशि दी जा रही है।
बेलर से गांठ बनवाने पर किसान को करीब 1500 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त मिलते हैं। विभाग ने किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और पर्यावरण प्रदूषण कम करने में सहयोग करने की अपील की है। किसान मघ्घर सिंह ने भी अन्य किसानों से फसलों के अवशेष न जलाने का आग्रह किया। संवाद