सिरसा।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार रेडियों पर संदेश देते हुए। विवि
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन को तकनीकी दृष्टि से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। लंबे समय से उपयोग में आ रहे पुराने उपकरणों को नवीनतम तकनीकी संसाधनों से बदल दिया गया है। इससे रेडियो स्टेशन की ध्वनि गुणवत्ता, प्रसारण क्षमता की वजह से सिरसा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रोता गुणवत्तापरक कार्यक्रमों का लुफ्त उठा सकेंगे।
बुधवार को तीसरे नवरात्रे के शुभ अवसर पर सीडीएलयू के मीडिया सेंटर अरदास एवं पूजा पाठ के उपरांत नए तकनीकी उपकरणों के साथ रेडियो सिरसा 90.4 पर विभिन्न कार्यक्रमों का विधिवत प्रसारण किया गया। रेडियो स्टेशन के निदेशक प्रो. सेवा सिंह बाजवा ने बताया कि रेडियो का प्रसारण बुधवार से तीन घंटे के बजाय छह घंटे कर दिया गया है।
कार्यक्रम हिंदी, पंजाबी, बागड़ी व हरियाणवी भाषा में प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम युवा कल्याण निदेशालय की ओर से प्रस्तुत किया गया। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि सामुदायिक रेडियो विश्वविद्यालय और समाज के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि छात्र समाचार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, संगीत और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित कर सकेंगे। इस कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर राजकुमार, डॉ. रविंदर, गुरसाहिब सिंह, डॉ. टिम्सी, डॉ. कृष्ण, डॉ. विकास सहित विभिन्न महाविद्यालयों के पत्रकारिता एवं जनसंचार के प्राध्यापक एवं रेडियो जॉकी उपस्थित रहे।
सिरसा।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार रेडियों पर संदेश देते हुए। विवि