फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: सीडीएलयू की प्रो. प्रियंका सिवाच को प्रतिष्ठित फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप

Fri, 27 Nov 2026 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
प्रो. प्रियंका सिवाच
विज्ञापन
सिरसा।
विज्ञापन

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की प्रोफेसर प्रियंका सिवाच को वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित फुलब्राइट-नेहरू अकादमिक एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता फेलोशिप के लिए चयनित किया गया है। इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के तहत वह जनवरी से जुलाई 2027 तक अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना, टक्सन में छह माह तक शोध कार्य करेंगी। इस दौरान वह प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. जूडिथ के. ब्राउन के साथ मिलकर पौधों में विषाणुजनित रोगों तथा उन्हें फैलाने वाले कीटों के नियंत्रण के लिए नवीन एवं टिकाऊ तकनीकों पर शोध करेंगी। उनकी यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि हरियाणा के शैक्षणिक एवं शोध जगत के लिए भी गौरव का विषय है।
कपास पत्ती मरोड़ रोग के प्रबंधन पर केंद्रित होगा शोध
प्रो. प्रियंका सिवाच का प्रस्तावित शोध विशेष रूप से कपास की फसल को प्रभावित करने वाले कपास पत्ती मरोड़ रोग (कॉटन लीफ कर्ल डिजीज) के प्रबंधन पर केंद्रित होगा। यह रोग हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के प्रमुख कपास उत्पादक क्षेत्रों में किसानों के लिए लंबे समय से गंभीर चुनौती बना हुआ है। सफेद मक्खी इस रोग को फैलाने का प्रमुख माध्यम है। परंपरागत कीटनाशकों के प्रति सफेद मक्खी में लगातार बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता के कारण इस रोग का प्रभावी नियंत्रण मुश्किल होता जा रहा है। इसके अलावा कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से खेती की लागत बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण और लाभकारी जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
विज्ञापन

प्रो. प्रियंका सिवाच ने बताया कि उनका दीर्घकालिक उद्देश्य पौधों, विषाणुओं और कीटों के बीच होने वाली अंतःक्रियाओं की वैज्ञानिक समझ को टिकाऊ फसल संरक्षण तकनीकों में परिवर्तित करना है। फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के साथ मिलकर अपने शोध को नई दिशा देने और नवीन तकनीकों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन

प्रो. प्रियंका सिवाच जैव प्रौद्योगिकी एवं आणविक जीवविज्ञान में पीएचडी हैं और उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर 25 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव प्राप्त है। उनके नाम 85 से अधिक शोध एवं समीक्षा पत्र प्रकाशित करने की उपलब्धि है। उन्होंने सीडीएलयू में डीन रिसर्च, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग की अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वह विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर लाइफ स्किल्स की निदेशक के रूप में कार्यरत हैं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें