मृतक के भाई ने तीनों पर लगाया ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। प्रेमनगर स्थित लक्ष्मी लैब के संचालक इंद्रपाल के सुसाइड मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव खैरेकां निवासी सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका प्रेमनगर में शनि मंदिर के पास रामदेव के नाम से क्लीनिक है। उसका भाई चंद्रपाल पास में ही लक्ष्मी लैब संचालित करता था। 12 फरवरी 2025 की दोपहर को उसका भाई उल्टियां करने लगा। उसने उपचार के लिए अपने भाई को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बताया कि इंद्रपाल ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। कुछ देर बाद उपचार के दौरान चंद्रपाल की मौत हो गई।
सुभाष ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली पिंकी पत्नी गोपाल कृष्ण ने उसके भाई इंद्रपाल को अपने जाल में फंसा रखा था। पिंकी ने उसके भाई को ब्लैकमेल करके स्कूटी ली, जिसकी किस्त उसका भाई अदा करता था। सुभाष का कहना है कि उसके भाई की मौत के दो दिन बाद एक मोबाइल विक्रेता का उनके पास फोन आया कि एक महिला फोन बेचने के लिए आई है। यह फोन भी पिंकी ने उसके भाई को ब्लैकमेल करके हासिल किया था।
सुभाष का आरोप है कि पिंकी, उसका पति गोपाल कृष्ण व उसकी सास लक्ष्मी ने मिलकर उसके भाई चंद्रपाल को ब्लैकमेल कर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। इस कारण उसके भाई ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामकुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।