सिरसा। गांव उमेदपुरा व मल्लेकां के बीच कार की टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आने से बाइक सवार युवक राजेश की मौत हो गई, जबकि राकेश घायल हो गया। घायल राकेश के बयान पर पुलिस ने कार चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घायल राकेश कुमार निवासी मोडियाखेङा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मेहनत मजदूरी का करता है। उसके ताऊ मदन लाल का लड़का राजेश मिस्त्री था। वीरवार को वह और राजेश मोटरसाइकिल पर मजदूरी के लिए मेहनाखेड़ा गए थे। काम समाप्त करके दोनों मोटरसाइकिल पर गांव आ रहे थे। राकेश ने बताया कि शाम 7 बजे के करीब वे उमेदपुरा से थोड़ा आगे पहुंचे, तो एक ट्रैक्टर-ट्राॅली में लकड़ियों का बुरादा भरा हुआ था, जो पीछे वाहनों पर गिर रहा था। ऐसे में जब राजेश ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रॉस करने लगा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से राजेश बाइक सहित ट्रैक्टर के पिछले टायर के नीचे आ गया, जबकि वह दूर जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे आने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।