रोड़ी। तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़कर रजवाहे में जा गिरी। हादसे में चालक सहित 3 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना के बाद रोड़ी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है।
पंजाब के गांव कलालवाला निवासी जगतार सिंह, कुलदीप सिंह व शमशेर सिंह कार में सवार होकर रोड़ी आ रहे थे। कार जैसे ही रोड़ी के निकट स्थित सहारनी रजवाहे के निकट पहुंची तो चालक गाड़ी से संतुलन खो बैठा। परिणाम स्वरूप कार रजवाहे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार फेंसिंग से इस कदर टकराई कि इंजन निकलकर सड़क पर जा गिरा। गनीमत रही कि रजवाहे में पानी कम था, अन्यथा जनहानि हो सकती थी। दुर्घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने गाड़ी में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाल अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों की हालत ठीक बताई जा रही है।