चोपटा (सिरसा)। चार साहसी युवकों ने अपनी जान पर खेलकर बुधवार शाम नोहर फीडर नहर में गिरी कार सवार छह लोगों की जिंदगी बचाई। कार में तीन महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष सहित छह लोग सवार थे। इसके बाद, ग्रामीणों की मदद से कार को भी नहर से बाहर निकाला गया। वहीं, परिवार के सदस्यों ने चारों युवकों के प्रति शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ये लोग उनके लिए किसी भगवान से कम नहीं हैं, आज वे जीवित हैं तो इन्हीं की वजह से। प्रशासन और वीरवार को पंचायत ने चारों बहादुर युवकों को सम्मानित किया।
फतेहाबाद जिले के गांव हिंजरावा निवासी एक परिवार राजस्थान के गांव रामसरा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। शाम करीब 7:30 बजे माखोसरानी के समीप कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गई। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। उसी दौरान बाइक से गुजर रहे डॉ. राजेश कुमार सिद्धू ने नहर ममें कार से आती लोगों की आवाजें सुनीं। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को बुलाया। उनकी पुकार पर रमेश कुमार भाकर, प्रमोद कासनिया और प्रदीप कासनियां मौके पर पहुंचे। चारों युवक बिना देर किए नहर में उतर गए और कड़ी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं, दो बच्चों और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इन लोगों ने डायल 112 पर घटना के संबंध में सूचना दी। एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूसरी चोपटा पहुंचाया गया। कार में 58 वर्षीय मक्खन सिंह पुत्र गंगाराम, 60 वर्षीय करतारो देवी पत्नी सरदारा राम, 62 वर्षीय जीतो बाई पत्नी मक्खन लाल, 24 वर्षीय सुनीता पत्नी भजनलाल, 4 वर्षीय अवेक और 2 वर्षीय आर्यन सवार थे।