ओढां। गांव ओढां में पटवार भवन के निकट बीती वीरवार मध्य रात्रि घटित सड़क दुर्घटना में कार सवार युवक की मौत हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार हाईवे के बीच डिवाइडर पर लगी लोहे की मजबूत जाली को तोड़ते हुए सर्विस रोड पर आ गई। सूचना के बाद ओढां पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लुधियाना के गोबिंदनगर निवासी करीब 22 वर्षीय राहुल कुमार कार में सवार होकर ओढां में अपने दोस्त की शादी में आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वापस जाते समय उसकी तेज रफ्तार गाड़ी पटवार भवन के निकट हाईवे के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। एसआई चंदन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता राकेश के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया। मृतक राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।