पूर्व वित्त मंत्री ने जाट धर्मशाला में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
फोटो - 24,25
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु रविवार को जाट धर्मशाला में भाईचारा स्नेह सम्मेलन में पहुंचे। जाट धर्मशाला में सर्वप्रथम कैप्टन अभिमन्यु ने पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आह्वान किया कि आज एक बार फिर सामाजिक लोगों को संतों-महापुरुषों के दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए सात्विक व स्वाभिमानी लोगों को मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा तभी चौराहे पर खड़े समाज को राजनीतिक स्वार्थों व षड्यंत्रों से बचाया जा सकेगा।
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश की छत्तीस बिरादरी का जो गुलदस्ता खून पसीने से सींचा था उसमें राजनीतिक कारणों से भरोसे की कमी आई है। यह देश व समाज के लिए अच्छी बात नहीं है। वह भाईचारे की दरार भरने के लिए एक बार फिर प्रदेश की छत्तीस बिरादरी के बीच निकले हैं ताकि सात्विक शक्तियों को इकट्ठा करके समाज के साथ-साथ देश-प्रदेश को मजबूत कर सकें।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आज इस सम्मेलन में राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर नहीं बल्कि सामाजिक चर्चा करने आए हैं। सर्वसमाज के उपस्थित लोगों से कहा कि वे जीवन के अनुभव नई पीढ़ी के साथ साझा करें ताकि वे अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर आने वाले समय में देश व दुनिया में नाम कमा सकें।
कैप्टन ने कहा कि राजनीतिक सफलता-असफलता उनके लिए कोई मायने नहीं रखती लेकिन समाज को जागरूक करने की जिम्मेदारी उनका मुख्य मकसद है। सेना में हर दसवां सिपाही हरियाणा का है फिर भी ऐसा बहादुर समाज चंद परिवारों का गुलाम हो जाए यह पीड़ादायक है।
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि जाति-बिरादरी की राजनीति से किसी का भी भला नहीं हो सकता। अब भक्ति की राजनीति की जरूरत है। युवा पीढ़ी को सम्मान व स्वाभिमान मिलेगा तो वे समाज की मजबूती के लिए काम कर सकेंगे।
इस अवसर हिसार जिला परिषद के चेयरमैन सोनू सिहाग, पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, पूर्व चेयरमैन अमीरचंद मेहता, डा. सागर केहरवाला, सम्मेलन के आयोजक हनुमान कुंडू, सेवानिवृत्त एसडीओ हेतराम खोड़, अमर सिंह घोटिया, श्याम बजाज आदि गणमान्य मौजूद रहे।
बॉक्स
आम आदमी पार्टी कुकर्मों को दबाती है
कैप्टन अभिमन्यु ने महिला बिल पर कहा कि विपक्ष ने बहुत बड़ा मौका खो दिया है। आज विपक्ष का नेतृत्व विचारहीन हो चुका है। इनका जनता के सरोकारों से कोई लेना-देना नहीं है। राज्यसभा के सात आम आदमी पार्टी सांसद का पार्टी छोड़ने के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने कुकर्मों के बोझ तले दबती जा रही है। आम आदमी का मुखौटा ओढ़कर दिल्ली व पंजाब में सरकार बनाई लेकिन आम आदमी नहीं, इनका रूप खास से भी खास नजर आया।